| | अमेरिका में कुरान पर मचा घमासान | | | |
|  | | | |
| | |
वाशिंगटन। अमेरिका में फ्लोरिडा के एक पादरी द्वारा 11 सितंबर को कुरान की प्रति जलाए जाने के प्रस्ताव को लेकर ओबामा प्रशासन ने कहा है कि यह कृत्य ‘गैर अमेरिकी’ है और इस तरह के कार्यों से अफगानिस्तान और विश्व के अन्य भागों में अमेरिकी हितों को खतरा पहुंच सकता है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता पीजे क्राउले ने ऐसी आशा व्यक्त की कि पादरी अपने इस घोषित कार्य को अंजाम नहीं देंगे और कहा कि अमेरिका इस बात से पूरी तरह अवगत है कि इस घटना के बाद विदेशों में रह रहे अमेरिकी नागरिकों, कूटनीतिज्ञों और सैन्य बलों पर क्या प्रभाव पडेगा। क्राउले ने कहा कि हमारा ऐसा मानना है कि यह उकसावे वाली कार्रवाई है, ऐसा करने वाले अशिष्ट, असहनशील और विघटनकारी हैं और हम इस बात को जानते हैं कि इसके खिलाफ कई आवाज उठी हैं जिन्होंने पादरी और उसके समुदाय के इस प्रस्तावित कार्य को नकार दिया है। हम यह देखना चाहेंगे कि ज्यादा से ज्यादा अमेरिकी इस घटना के विरोध में खडे हों और कहें कि यह हमारे मूल्यों के खिलाफ है। वैसे भी यह कार्य ‘गैर अमेरिकी’ है। पादरी के इस कृत्य के बारे में क्राउले ने कहा कि पादरी का मानना है कि वह इस घटना को चरमपंथ से लडने के लिए अंजाम दे रहे हैं, लेकिन इस तरह की घटना अगर होती है तो चरमपंथ को बढावा ही मिलेगा।
हिलेरी ने की निंदा
अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने बुधवार को कहा कि वह फ्लोरिडा के एक पादरी द्वारा पवित्र कुरान को जलाने के प्रस्तावित असभ्य और शर्मनाक कृत्य की आलोचना करने वालों के साथ हैं। हिलेरी ने कहा कि मैं ईसाइयों से लेकर यहूदियों तक अमेरिका के सभी धार्मिक नेताओं और धर्म निरपेक्ष अमेरिकी नेताओं द्वारा की गई इस असभ्य और शर्मनाक कृत्य की निंदा का समर्थन करती हूं।
मेयर का समर्थन
इस योजना को बहुत ही अरुचिपूर्ण बताते हुए न्यूयार्क के महापौर माइकल ब्लूमबर्ग ने न्यूयार्क पर आतंकी हमलों नाइन इलेवन की नौवीं बरसी पर ग्राउंड जीरो के करीब बनने वाले मस्जिद के विरोध में कुरान जलाने के पास्टर के अधिकार का पक्ष लिया। न्यूयार्क पोस्ट ने ब्लूमबर्ग के हवाले से कहा है कि भले ही यह विचित्र है लेकिन मैं यहां ऐसा करने को उनके अधिकार की रक्षा के लिए यहां हूं। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि किसी ने यदि उनकी पवित्र धार्मिक पुस्तक जलाई होती तो यह उन्हें पसंद होता , लेकिन पहला संशोधन हर किसी की रक्षा करता है
नाटो को भी डर
इससे पहले व्हाइट हाउस ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अपने शीर्ष कमांडर डेविड पेट्रायस की इस बात से सहमति जताई कि फ्लोरिडा के एक पादरी के तथाकथित ‘कुरान जलाओ दिवस’ से विदेशों में खासकर युद्धग्रस्त देश में अमेरिकी बलों को खतरा पैदा होगा। काबुल में एक बयान में जनरल पेट्रायस ने कहा कि वह कुरान जलाने के पादरी के प्रस्ताव से क्षुब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इससे बलों को खतरा पहुंच सकता है और समूचे प्रयासों को झटका लग सकता है। |
|
|
|
|
|
|
|
|
|
|
|
| |
| |