मुंबई । शाइनी आहूजा के खिलाफ बलात्कार के सनसनीखेज मामले में एक नया मोड आ गया है और उनकी नौकरानी इन आरोपों से मुकर गई है कि अभिनेता ने पिछले साल मुम्बई स्थित अपने घर में उसके साथ बलात्कार किया था। आरोप से मुकरने के साथ ही नौकरानी ने यह भी कहा कि इस तरह की घटना कभी नहीं हुई। बीस वर्षीय लडकी तीन सितंबर को अदालत में पेश हुई और कहा कि शाइनी ने उसके साथ कभी बलात्कार नहीं किया तथा उसने अभिनेता के खिलाफ उस महिला के कहने पर शिकायत दर्ज कराई थी जिसने उसे शाइनी के घर नौकरानी का काम दिलाया था।
पिछले साल जून में लडकी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अभिनेता ने अपने घर में उसके साथ बलात्कार किया। बाद में शाइनी को गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें तीन महीने बाद जमानत मिली।
सरकारी वकील ने बताया कि तीन सितंबर को पीडित ने अदालत में शाइनी को पहचाना और कहा कि वह उनके मकान में नौकरानी का काम किया करती थी। लेकिन जब उससे घटना के बारे में पूछा गया तो उसने कहा कि यह कभी घटित नहीं हुई और उसके साथ कभी बलात्कार नहीं हुआ। यदि अदालत उचित पाती है तो लडकी को झूठी गवाही के मामले में सजा हो सकती है। अभियोजन 12 अन्य गवाहों के बयान फारेंसिक रिपोर्ट तथा अन्य दस्तावेजी सबूत पेश करना जारी रखेगा। सुनवाई की अगली तारीख 15 सितंबर तय की गई है। पुलिस ने शाइनी के खिलाफ 109 पेज का आरोप पत्र दायर किया था। दोषी साबित होने पर उन्हें अधिकतम 10 साल की कैद हो सकती है। लडकी ने पुलिस को अपनी शिकायत में पिछले साल 14 जून को कहा था कि जब शाइनी ने कथित बलात्कार किया * उस समय घर में शाइनी और वह * दोनों अकेले थे। नौकरानी का आरोप था कि शाइनी ने उसे घंटों अपने कमरे में बंद रखा और काफी देर बाद बाहर जाने दिया। बाहर जाने पर उसने घटना के बारे में अपनी एक संबंधी को बताया जो उसे शिकायत दर्ज कराने के लिए ओशिवाडा पुलिस थाने ले गई। शाइनी ने अपने बचाव में कहा था कि उन्हें झूठा फंसाया गया है और वह निर्दोष हैं। |