जब अभिनेता सलमान खान की नई फिल्म ‘दबंग’ का कलाकारों और फिल्म निर्माण दल के सदस्यों के लिए पहला प्रदर्शन हुआ, तो अभिनेत्री कैटरीना कैफ को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन वह थिएटर के ठीक सामने ही अपनी एक फिल्म की शूटिंग करने के बावजूद वहां नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद इस पर सलमान और कैटरीना के रिश्ते को लेकर तमाम अटकलें लगाई जाने लगीं। हाल ही में सलमान के भाई और अन्य पारिवारिक सदस्य फिल्म सिटी स्थित थिएटर में ‘दबंग’ देखने पहुंचे, तो उनका कैटरीना और ‘तीस मार खां’ फिल्म के निर्माण समूह को भी प्रदर्शन के दौरान बुलाने का इरादा था। खबर यह भी है कि खुद सलमान की बहन एल्विरा कैटरीना, फरहा खान और उनकी फिल्म के अन्य लोगों को आमंत्रित करने के लिए पहुंची थीं, लेकिन कैट का आना संभव नहीं हो सका, क्योंकि उनकी फिल्म की शूटिंग देर रात तक चली। इस बात की पुष्टि करते हुए अभिनेता सोनू सूद ने कहा कि यह सही है कि फरहा खान और उनका निर्माण समूह नजदीक ही शूटिंग कर रहा था, लेकिन उन्होंने साथ में फिल्म नहीं देखी। गौरतलब है कि अपनी बेटी सोनाक्षी सिन्हा की पहली फिल्म के प्रदर्शन के अवसर पर अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और उनकी पत्नी भी मौजूद नहीं थे। |