|
मास्को। रूस के अशांत उत्तरी काकेसस क्षेत्र स्थित एक जल विद्युत संयंत्र में विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद ऐसी आशंका जताई जा रही है कि यह संयंत्र को विस्फोट करके उडाने का प्रयास हो सकता है। रूस की सरकारी संवाद समिति रिया नोवोस्ती ने प्रशासनिक अधिकारियों के हवाले से कहा कि दागेस्तान स्थित एक जल विद्युत संयंत्र में आग लगने के घटना के बाद संयंत्र के एक कर्मचारी ने वहां एक विस्फोटक सामग्री देखी। संवाद समिति ने एक अधिकारी के हवाले से कहा कि इस विस्फोटक सामग्री को मुख्य जल विद्युत इकाई के नीचे लगाया गया था। इस विस्फोटक सामग्री में एक इलेक्ट्रिक डेटोनेटर लगाया गया था। ऐसा लगता है कि विस्फोटक सामग्री लगाने वाले इसे रिमोट कंट्रोल के माध्यम से उडाना चाहते थे। बाद में घटनास्थल पर पहुंचे देश के एएसबी सुरक्षा सेवा के विशेषज्ञों ने विस्फोटक को निष्क्रिय किया। इस घटना से पहले आपातकालीन मंत्रालय के क्षेत्रीय शाखा ने तकनीकी खराबी के कारण संयंत्र में आग लगने की जानकारी दी थी। आग के पीछे कोई साजिश नहीं है , लेकिन इंटरफैक्स ने एक अज्ञात स्थानीय अधिकारी के हवाले से कहा कि एक व्यक्ति लापता है।
संयंत्र में आग की घटना से कुछ देर पहले ही संयंत्र का एक कर्मचारी गायब हो गया था। संबंधित अधिकारी अब उस कर्मचारी की तलाश कर रहे हैं। हालांकि गृह मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारियों से सम्फ करने पर उन्होंने प्राप्त रिपोर्टों की पुष्टि करने से इनकार कर दिया।
रूस के काकेसस शहर में विस्फोट ,15 मरे
मास्को। रूस के उत्तरी ओसेतियन क्षेत्र में काकेसस शहर के एक बाजार में हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 15 व्यक्ति मारे गए और 130 अन्य घायल हो गए। इंटरफैक्स संवाद समिति ने उत्तरी ओसेतिया सरकार के सूत्रों के हवाले से बताया कि हमलावर एक वोल्गा कार में आया और बाजार के प्रवेश द्वार पर कार को उडा दिया। उत्तरी ओसेतिया के गृह मंत्रालय ने बताया कि कम से कम 15 व्यक्ति मारे गए हैं, जबकि 130 अन्य घायल हैं।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और आपातकालीन सेवा दल को मौके पर भेजा गया है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उससे पास के मकानों के शीशे चटक गए। इंटरफैक्स ने बताया कि विस्फोटक का वजन दस किलोग्राम के आसपास था। विस्फोट के बाद आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। |