|
नई दिल्ली । राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में चूक का एक बडा मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को इस मामले के बारे में बताया कि राष्ट्रपति भवन में बतौर माली करने वाले गोपाल नाम के व्यक्ति ने एक सितंबर को 19 वर्षीय किशन को शराब पीने के बाद चाकू मार दिया।
आश्चर्यजनक बात यह है कि यह घटना उच्च सुरक्षा वाले राष्ट्रपति भवन के आहते में हुई। पुलिस ने घटना के बारे में बताया कि किशन का पिता भी वहीं माली है। जबकि गोपाल अस्थायी तौर पर माली के रुप में कार्यरत था। एक सितंबर को शराब पीने के बाद खाने -पीने की बात को लेकर गोपाल और किशन में वाद-विवाद हो गया।
गोपाल ने किशन से स्नैक्स लाने के लिए कहा था। किशन के मना करने के बाद गुस्से में गोपाल ने किशन के पेट में चाकू मार दिया और वहां से फरार हो गया। बाद में राष्ट्रपति भवन के कर्मचारियों ने किशन को राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती करा दिया। बाद में गोपाल ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। इस संबंध में गोपाल के खिलाफ हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज किया गया है। |