|
भोपाल (विसं)। राजधानी में पले-बढे और यहीं वकालत करने वाले एमए सिद्दीकी 13 सितंबर को मप्र हाईकोर्ट जबलपुर में न्यायमूर्ति पद की शपथ लेंगे। श्री सिद्दीकी का जन्म भोपाल के एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। इनके पिता मोहम्मद इस्माईल पुलिस में इंस्पेक्टर थे। आपने प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में अध्ययन करने के उपरांत भोपाल से 1972 में एलएलबी मेरिट में उत्तीर्ण कर वकालत प्रारंभ की।
जस्टिस फैजान उद्दीन साहब और वरिष्ठ अधिवक्ता अजीज अहमद सिद्दीकी साहब के सानिध्य में कार्य करने के बाद कुछ समय स्वतंत्र रुप से वकालत की। श्री सिद्दीकी ने 1975 से 76 तक सैफिया कॉलेज में लैक्चरार शिप की और 1976 से 1978 तक रवीन्द्र कॉलेज में विधि विभाग के विभागाध्यक्ष के पद पर कार्य किया। श्री सिद्दीकी 7 अगस्त 1978 को सिविल जज बने और अगस्त 1991 में पदोन्नत होकर अपर जिला न्यायाधीश बने। आप टीकमगढ, सीहोर और मंडला में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थ रहे हैं। श्री सिद्दीकी 28 जून से संचालक लोक अभियोजन संचालनालय मप्र के पद पर पदस्थ हैं। |