|
भोपाल। ऐसा नहीं है कि पुराने शहर के वार्डों में ही सारी समस्याओं का अम्बार लगा हो और नए शहर के कई इलाकों के रहवासियों का आम परेशानियों से पाला न पडता हो। हकीकत में यहां के बाशिंदे भी अनेक समस्याओं से दो -चार हो रहे हैं।
वार्ड -27 के अंतर्गत स्थित राहुल नगर में वैसे तो कई समस्याएं व्याप्त हैं, लेकिन खासतौर पर जो समस्या है, वह है प्रोजेक्ट उदय के तहत खोदी गई सडकें। हालांकि बाद में यह सडकें बना तो दी गईं, लेकिन गुणवत्तापूर्ण निर्माण न होने के कारण ये सडकें वार्डवासियों के जी का जंजाल बनकर रह गईं। इसके बाद भी छोटी-छोटी गलियां अतिक्रमण के कारण और तंग हो गई हैं।
हालत यह है कि लोगों ने बिजली के खम्बों को छज्जे के भीतर कर रखा है। वहीं साफ -सफाई का भी खास अभाव क्षेत्र में देखने को मिला, यहां सुअरों को बेरोकटोक घूमते देखा जा सकता है, जो सडकों के किनारे कचरे को फैलाकर गंदगी करते हैं, बावजूद इसके न तो नगर निगम कोई ध्यान देता है, न ही प्रशासन का ध्यान इस ओर जाता है। अपने स्तर पर जो कुछ प्रयास पार्षद द्वारा किए जा रहे हैं, वह नाकाफी साबित हो रहे हैं। |