ग्वालियर। बुधवार की लूट की घटनाएं अभी चर्चा में ही थीं कि पड़ाव थाना क्षेत्र से लुटेरा एक और महिला की आधी चेन लूटकर भाग गया। लुटेरे ने झपट्टा मारकर चेन तो तोड़ ली, लेकिन वह भाग पाता, उससे पहले ही महिला ने उसे पकड़ लिया। लुटेरा जनता के वहां पहुंचने से पहले ही कट्टा तानकर बाइक को मौके पर छोड़ आधी चेन लेकर भाग निकला। पुलिस ने लूट के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
मोतीमहल में लोकल फंड में कार्यरत दीपिका गुप्ता निवासी खेड़ापति कॉलोनी, गुरुवार की दोपहर अन्य दो महिलाओं के साथ बैजाताल की ओर से जा रही थी। तभी पीछे से एक बाइक सवार लुटेरा आया और उनके गले पर झपट्टा मारा, जिससे आधी चेन उसके हाथ में आ गई। इससे पहले कि बाइक सवार लुटेरा भाग पाता, दीपिका ने उसका हाथ पकड़ लिया और चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर वहां मौजूद अन्य लोग भी उस ओर दौड़े। लुटेरे ने देखा कि भीड़ उसकी ओर आ रही है तो उसने कट्टा निकाला और महिला पर तान दिया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और लुटेरे को काफी तलाश किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका। हालांकि पुलिस का कहना है कि लुटेरा बाइक तो छोड़ गया, लेकिन चेन लूटकर नहीं ले जा सका। लुटेरा जो बाइक छोड़कर भागा था, पुलिस ने जब उस बाइक (एमपी 07 एमके 5225) के बारे में पता किया तो वह चोरी की निकली। उधर बुधवार को हुई तीन चेन स्नेचिंग की वारदातों का पुलिस को अभी कोई सुराग नहीं लगा है।