भोपाल/इंदौर। पुलिस ने भोपाल के दो लोगों को नकली नोटों के साथ बंदी बनाया है। ये फ्लैक्स छापने का काम करते हैं और उसकी आड़ में ही इन लोगों ने नकली नोट छापना शुरू कर दिया था। भोपाल में लाखों रुपए के नकली नोट चलाने के बाद अब ये इंदौर में ठिकाना बनाने वाले थे। श्रृंद्धाश्री कालोनी में किराए के मकान से ये नोट चलाने लगे थे।
मिला सुराग : चैकिंग के दौरान एएसआई रामसिंह देवड़ा और हेड कांस्टेबल रामप्रसाद राठौर चंद्रनगर चौराहे पर पहुंचे। इस दौरान एक व्यक्ति ने पान की दुकान से 100 का नोट देकर कुछ सामान खरीदा। बाकी के पैसे लेकर वह चला गया। उसके बाद पान की दुकान चलाने वाले रामकिशन मालवीय को शक हुआ,नोट चैक किया तो वह नकली निकला। पुलिस को यह बात बताई। घेराबंदी कर इस युवक को पकड़ा। युवक ने कहा कि मेरा एक साथी और है। उसके बाद उसे भी पकड़ लिया गया। इनके नाम मुकेश पिता कैलाश नारायण विश्वकर्मा, रतन कॉलोनी भोपाल और उसके साथी का नाम अरुण पिता रामनारायण छलौत्रे, सर्वधर्म कालोनी, भोपाल बताया गया। इनकी तलाशी लेने पर एक हजार के तीन, 500 के तीन और 100 के तीन नकली नोट मिले।
लाखों के नोट चलाए: सीएसपी अमरेंद्रसिंह चौहान ने बताया को मुकेश नौकर है और अरुण उसका मालिक है। भोपाल में ये फ्लैक्स बनाने का काम करते हैं। उसकी आड़ में ही ये नकली नोट भी छापने लगे। भोपाल में ये लाखों रुपए के नकली नोट चला चुके हैं। उसके बाद कुछ दिनों पहले इंदौर में ठिकाना बनाने के लिए आए हैं। इनके पास से कंप्यूटर, स्केनर, प्रिंटर आदि भी बरामद किए गए हैं।
इनाम घोषित : एसएसपी ए साई मनोहर ने नकली नोट चलाने वाले भोपाल के दो लोग पकड़ने वाले को पांच हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। दूसरी ओर पुलिस इन लोगों से पूछताछ कर रही है। इन लोगों ने अब तक कितने नोट छापे हैं और कहां-कहां चलाए हैं। नोट छापने के लिए कागज कहां से लाते थे। इस तरह के सवालों का पता लगा रही है।