|
भोपाल। हबीबगंज इलाके में एक बीती रात एक मनचला आयकर विभाग की गाड़ी लेकर फरार हो गया। वो तो गनीमत रही कि गाड़ी में कोई जरूरी दस्तावेज नहीं थे। पुलिस को जैसे ही सूचना मिली तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। हालांकि जिस नाटकीय ढंग से घटनाक्रम को अंजाम दिया गया वो संदिग्ध बना हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक महेश कश्यप पिता मुन्नेलाल कश्यप साउथ टीटी नगर में रहता है और खुद को नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण में तृतीय Ÿोणी कर्मचारी बताता है। रात लगभग 2 बजे आयकर विभाग का ड्राइवर बिलासपुर निवासी जितेन्द्र मिंझ सफारी गाड़ी लेकर पेट्रोल भराने के लिए हबीबगंज थाने के पास पहुंचा। जब यह गाड़ी से उतरकर पेट्रोल खत्म होने की सूचना देने नीचे उतरा उसी दौरान महेश ने अपनी बाईक वहीं छोड़ दी और सफारी लेकर फरार हो गया। ड्राइवर ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और अपने सहयोगी कर्मचारियों को दी। कुछ दूरी पर मौजूद कर्मचारी गाड़ी की तलाश में निकल पड़े। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद सफारी माता मंदिर के पास पकड़ ली गई।
खुद को पागल बता रहा युवक
महेश कश्यप के परिजन उसे मानसिक रूप से विक्षिप्त बता रहे हैं। उन्होंने पुलिस को उसके इलाज से जुड़े मेडिकल दस्तावेज भी दिखाए। उसके अलावा पूछताछ में भी महेश विक्षिप्तों जैसी हरकतें कर रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है। |