यूरो संकट के बढ़ने से शनिवार को वैश्विक बाजारों में अचानक निवेशकों ने सोने की ओर रुख किया, जिसके चलते तीन दिनों से जारी सोने की गिरावट रुकी। वहीं औद्योगिक इकाइयों की मांग कम रहने से चांदी में गिरावट का दौर जारी रहा।
नई दिल्ली। तीन दिन की गिरावट के बाद दिल्ली सराफा बाजार में शनिवार को सोने के भाव 50 रुपए की तेजी के साथ 30,450 रुपए प्रति दस ग्राम बोले गए, जबकि चांदी में शनिवार को लगातार चौथे दिन 925 रुपए की गिरावट के साथ 52,975 रुपए किलो रहे। न्यूयार्क में सोने के भाव 0.1 प्रतिशत बढ़कर 1566.90 डालर प्रति औंस हो गए। घरेलू बाजार में सोना 99.9 शुद्ध और 99.5 शुद्ध के भाव 50 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 30,450 रुपए ओर 30,250 रुपए प्रति दस ग्राम बंद हुए। गिन्नी के भाव 50 रुपए चढ़कर 24,450 रुपए प्रति आठ ग्राम बंद हुए। बिकवाली दबाव के चलते चांदी तैयार के भाव 925 रुपए की गिरावट के साथ 52,975 रुपए किलो बंद हुए। जबकि सटोरिया लिवाली के चलते चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 700 रुपए चढ़कर 53,800 रुपए किलो बंद हुए। चांदी सिक्का के भाव पूर्वस्तर 62,000-63,000 रुपए प्रति सैंकड़ा अपरिवर्तित बंद हुए। |