भोपाल। पीपीपी पब्लिक प्रायवेट पार्टनरशिप के तहत शुरू किए जाने वाले जिले के चार लोक सेवा केंद्रों में से तीन केंद्रों को हरी झंडी मिल गई है। इन तीन केंद्रों के लिए पात्र पाए गए बिड्स धारकों में से लॉटरी के माध्यम से प्रत्येक के लिए एक-एक बिड्स का चयन कर लिया गया है। कलेक्टर कार्यालय का लोक सेवा केंद्र जहां आरती रघुवंशी को गया है। वहीं गोविंदपुरा और गैस राहत भवन केंद्र ह्यूमन वेलफे यर ऑर्गेनाइजेशन को मिले हैं, जबकि बैरसिया लोक सेवा केंद्र का मामला अटक गया है। इसके लिए आई सभी छह बिड्स अपात्र पाई गई।
गौरतलब है कि भोपाल जिले में चार लोक सेवा केंद्रों को पीपीपी पर संचालित करने के लिए बिड्स आमंत्रित की गई थीं। 29 जून तक कुल 49 लोगों ने अपनी बिड्स जमा की थी। जब इन बिड्स को खोलकर उनकी तकनीकि जांच की गई तो उसमें से 26 ही पात्र निकलीं। बैरसिया केंद्र के आई 6 बिड्स में से एक भी पात्र नहीं पाई जा सकीं। इसके चलते उस केंद्र का नाम हटवा दिया गया। इसके बाद सोमवार को तीन लोक सेवा केंद्रों के लिए पात्र पाई गई 26 फायनेंशियल निविदाओं में से तीन का चयन किया गया।
लोक सेवा केंद्र प्रभारी व बैरसिया एसडीएम आशीष पाठक ने बताया कि कलेक्टर कार्यालय में संचालित लोक सेवा केंद्र के लिए 15 बिड्स आई थीं, सभी ने 25 रुपए का रेट भरा था। लॉटरी सिस्टम में यह केंद्र निविदाधारक आरती रघुवंशी के नाम पर गया। इसके बाद गोविंदपुरा के लिए आई 13 में से 8 और गैस राहत भवन केंद्र के लिए आई 15 बिड्स में से 11 पात्र पाई गई थीं। इन सभी के रेट 25 रुपए समान होने पर लॉटरी सिस्टम से इन दोंनों केंद्रों के संचालनकर्ता का चयन किया गया। लॉटरी सिस्टम में दोनों केंद्र ह्यूमन वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन को के खाते में गए। यह सभी केंद्र 16 विभागों की 52 सेवाओं का लाभ आम जनता को देंगे।
15 अगस्त से शुरू होंगे केंद्र
निजी हाथों में सौंपे जा रहे यह तीन केंद्र 15 अगस्त से शुरू हो जाएंगे। लोक सेवा केंद्र प्रभारी श्री पाठक ने बताया कि लॉटरी से चुने गए व्यक्ति या संस्थाओं को कलेक्टर की अध्यक्षता वाली ई-गवर्नेस सोसायटी के साथ अनुबंध करना होगा। इसके बाद निजी संचालकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। तब कहीं जाकर इन तीन केंद्रों में निजी संचालक अपना सेटअप जमा सकेंगे। हालांकि सेवाओं का शुल्क क्या होगा, यह ई-गवर्नेंस सोसायटी ही तय करेगी।
बैरसिया के लिए फिर से बिड्स होगी आमंत्रित
बैरसिया में लोक सेवा केंद्र के संचालन के लिए 6 बिड्स आई थीं। इनमें से तकनीकि जांच में एक भी खरी नहीं उतरी। इसलिए सभी बिड्स अपात्र घोषित कर दी गईं। श्री पाठन ने बताया कि अब बैरसिया केंद्र के लिए फिर से बिड्स आमंत्रित की जाएंगी। उसके बाद ही बैरसिया केंद्र के संचालनकर्ता का चयन किया जाएगा।