जबलपुर। गोसलपुर चौकी अंतर्गत ग्राम धमधा में गुरुवार को एक ट्रक अंनियत्रित होकर पलट गया। ट्रक में सवार दस लोगों को गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिहोरा के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सतना से आम लोड करके ट्रक क्रमांक एमपी 19 जीए 1240 जबलपुर के लिए रवाना हुआ, ट्रक जब गोसलपुर के ग्राम धमधा से आगे बढ़ा तभी सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के चक्कर में चालक संतुलन खो बैठा और ट्रक पलट गया। जिससे रामसजीवन कोरी, अनिरुद्ध, गुलशेर गुप्ता, सुंदरलाल, कृष्णकुमार, शेषराम, किशन सोनी, विष्णु, गुड्डू व रामविश्वास को गंभीर चोटें आईं।
मैजिक आटो पलटने से 9 घायल
गोसलपुर चौकी अंतर्गत बंजारी माता मंदिर के सामने दोपहर डेढ़ बजे के लगभग तेज गति से भागता आ रहा मैजिक आटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे आटो में सवार 9 लोगों को चोटें आई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर प्रकरण दर्ज कर लिया।
सड़क दुर्घटना में युवक घायल
भेड़ाघाट थानांतर्गत सिहोदा स्कूल के समीप सुबह दस बजे के लगभग मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 20केबी 4941 के चालक ने विनोद ठाकुर को टक्कर मार दी, टक्कर लगते ही विनोद उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसके हाथ, पैर व सिर पर गहरी चोट आई। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर प्रकरण दर्ज कर लिया।
कार की टक्कर से छात्र घायल
मझौली में गुरुवार की सुबह दस बजे के लगभग मारुति वेन क्रमांक एमपी 20बीए 3521 के चालक ने पियूष नामक बालक को टक्कर मार दी, हादसे में पीयूष के सिर, हाथ व पैर में चोट आई है। पुलिस के अनुसार राजेन्द्र झारिया का पुत्र पीयूष सुबह दस बजे के लगभग स्कूल जाने निकला, जब वह सड़क पार कर रहा था, इस दौरान वेन चालक ने टक्कर मार दी। बालक को देख आसपास के लोग दौड़कर पहुंच गए और उठाकर अस्पताल पहुंचाया।