नई दिल्ली । भारत ने फ्रांस में भारतीयों की कुल 565 करोड़ रुपये की अघोषित आय का पता लगाया है। इतना ही नहीं, 181 करोड़ रुपये का टैक्स वसूला भी जा चुका है। आयकर अधिकारियों ने फ्रांस में भारतीयों की ओर से टैक्स चोरी 219 मामलों का पता लगाया है।
भारत ने फ्रांस के साथ दोहरा कराधान बचाव संधि (डीटीएए) के सूचना के आदान-प्रदान के प्रावधान के तहत भारतीयों के बैंक खातों के बारे में फ्रांस से सूचना मांगी थी। इस पर फ्रांस की ओर से उपलब्ध कराई गई सूचना में उक्त अघोषित आय का खुलासा किया गया। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने हाल ही में संसद की लोक लेखा समिति को बताया कि 219 मामलों में टैक्स अधिकारियों ने कुल 565 करोड़ रुपए की अघोषित आय का पता लगाया और 181 करोड़ रुपए के टैक्स की वसूली पहले ही की जा चुकी है। एनआरआई कराधान पर एक प्रस्तुति में सीबीडीटी ने कहा कि फील्ड इंटेलिजेंस यूनिटों ने संदिग्ध लेनदेन के बारे में घरेलू सूचना के 30,765 दस्तावेज हासिल किए गए। इनकी संबंधित एजेंसियां जांच कर रही हैं। छह नई दोहरा कराधान बचाव संधियों के साथ भारत ने दूसरे देशों के साथ इस तरह के कुल 84 समझौते कर रखे हैं।