लंदन। लंदन ओलिंपिक के आसमान पर उस समय तिरंगा फहरा उठा जब खेलों के चौथे दिन भारतीय शूटर गगन नारंग ने देश के लिए मेडल का खाता खोलते हुए 10 मीटर एयर राइफल मुकाबले में ब्रॉन्ज मेडल पर निशाना साधा। गगन ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 701.1 पॉइंट हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया। इस इवेंट में गोल्ड रोमानिया के मोलदोविनू ने जीता। उन्होंने कुल 702.1 अंक हासिल किए। सिल्वर पर इटली को कैम्परियानी ने कब्जा किया। कैम्परियानी ने कुल 701.5 पॉइंट बटोरे। नारंग के कांस्य पदक जीतने से भारत भी पदकों की सूची में शामिल हो गया। पदकों की सूची में भारत 22 वें स्थान पर है जबकि चीन शीर्ष पर है।
आईएएस का ओहदा और एक करोड़ का पुरस्कार
गगन के इस जीत पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उन्हें बधाई दी है। खेल मंत्री अजय माकन ने भी गगन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गगन को नई खेल नीति के मुताबिक आईएएस अधिकारी का ओहदा दिया जाएगा। इसके साथ ही हरियाणा सरकार ने गगन को 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। नारंग के पिता बीएस नारंग ने अपने बेटे की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि हमें गोल्ड की उम्मीद थी लेकिन यह भी अच्छी उपलब्धि है।
वरना गोल्ड होता गगन के नाम
राजीव गांधी खेल र} से सम्मानित नारंग ने भी फाइनल में 103.1 का स्कोर किया लेकिन क्वालीफिकेशन के एक अंक के अंतर से उन्हें कांस्य से संतोष करना पडा़, अगर नारंग एक अंक और जुटा लेते तो वो गोल्ड मेडल जीत जाते। लेकिन कांस्य पदक जीतकर भी नारंग भारतीय खेलों में नया इतिहास बना गए। नारंग ने क्वालिफिकिशन में 598 और फाइनल में 103.1 अंक के साथ कुल 701.1 अंक बटोरकर कांस्य पदक जीता।
बिंद्रा ओलंपिक से बाहर
भारत को उस समय तगड़ा झटका लगा जब बीजिंग ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले अभिनव बिंद्रा लंदन ओलंपिक से बाहर हो गए। बिंद्रा पुरुषों के दस मीटर एयर राइफल मुकाबले में फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए। बिंद्रा मात्र 594 अंक ही हासिल किए। वे 16वें स्थान पर रहे। बिंद्रा ने 99, 99, 100, 100, 99 और 97 के स्कोर किए। बिंद्रा अंतिम सीरीज तक फाइनल की दौड़ में थे लेकिन इस सीरीज में 97 का स्कोर करने के बाद वह फाइनल में पहुंचने से चूक गए।
|