कोलकाता। एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता पिंकी प्रमाणिक ने पूर्वी रेलवे द्वारा उनका निलंबन रद्द किए जाने के बाद सियालदाह रेलवे स्टेशन पर अपना काम फिर से संभाल लिया है। उन पर गलत लैंगिक पहचान प्रस्तुत करने और अपनी एक साथी से बलात्कार करने का आरोप था। पूर्व धावक पिंकी ने 2006 के एशियाड में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने स्टेशन पर गुरुवार को टिकट कलेक्टर के रूप में अपना काम फिर से संभाल लिया। पिंकी ने कहा कि सदमे से गुजरने के बाद मैं राहत महसूस कर रही हूं।
मैं खुद को बहाल किए जाने के लिए रेलवे की आभारी हूं, मैंने नौकरी वापस पाने के लिए 8 अगस्त को अपील की थी और मुझे तत्काल आदेश मिल गया। मैंने गुरुवार को काम संभाल लिया। उन्होंने बताया कि रेलवे सहकर्मी उनके प्रति सम्मान व्यक्त कर रहे थे और बहुत से लोग उनके साथ फोटो खिंचवा रहे थे। पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि पिंकी द्वारा जमानत आदेश की प्रति सौंपे जाने के बाद उनका निलंबन रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नियम के अनुसार हिरासत के 48 घंटे बाद किसी को निलंबित माना जाता है, लेकिन जमानत मिलने के बाद उन्होंने (पिंकी) अपील की और निलंबन रद्द कर दिया गया।