भोपाल। ईद अब करीब है। ईद की खरीदारी जोरों पर है। रात और दिन रोजदार ईद की खरीदारी के लिए बाजारों में मसरूफ हैं। शहर भर के बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं है। मुख्य बाजारों के अलावा पुराने शहर के कई इलाकों में अस्थाई बाजार भी वजूद में आ गए हैं। देर रात तक ईद की खरीदारी के लिए दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। एक अनुमान के मुताबिक राजधानी में ईद पर करीब 50 करोड़ रुपये का बिजनेस होता है, जिसमें सबसे ज्यादा कपड़े और जूते-चप्पल की खरीदारी शामिल है।
ईदुलफितर की नमाज अदा करने के लिए रोजदार नये कपड़े पहनकर ईदगाह और अन्य मस्जिदों में पहुंचते हैं। ईद की विशेष नमाज अदा करने के लिए कुर्ता-पायजामा और चप्पल का अकीदतमंद इस्तेमाल करते हैं। पुराने शहर के चौक बाजार में सबसे ज्यादा भीड़ रेडीमेट कुर्ते-पायजामे और चप्पल की दुकानों पर ही देखी जा रही है। अभी तक दिन में सूने पड़े रहने वाले बाजार अब ग्राहकों की भीड़ से रौनक-अफरोज हो गए हैं। लेडीज गारमेंट्स पर भी जमकर मुस्लिम महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। नवाबी दौर के सबसे पुराने चौक बाजार में तो हालत यह है कि रात में पैर रखने की जगह नहीं मिल रही है।
इब्राहिमपुरा सबसे बड़ा बाजार
ईद की खरीदारी के लिए पुराने शहर का चौक बाजार सहित इब्राहिमपुरा सबसे बड़ा बाजार माना जाता है। इस बाजार में कपड़े, जूते, चप्पल, इत्र, टोपी और सिंगार की सभी दुकानें उपलब्ध हैं। बुधवारे से लेकर नदीम रोड तक अस्थाई दुकानों पर भी खरीदारों की भारी भीड़ देर रात तक उमड़ रही है। ईद की खरीदारी के लिए युवा रोजदारों की टोलिया यहां पहुंच रही हैं। शाम 7 बजे के बाद पुलिस ने बुधवारे की तरफ से चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद कर दिया है। कुछ इसी तरह से हालात इतवारे की तरफ से जाने वाली सड़क चौक बाजार के हैं। यहां से भी यादव टी-स्टॉल के पास से चार पहिया वाहनों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
यहां भी चल रही जमकर खरीदारी
ईद की खरीदारी मुख्य बाजारों के अलावा शहर के अन्य बाजारों में भी जमकर चल रही है। जहांगीराबाद मेन बाजार में ईद की खरीदारी करने के लिए बड़ी तादाद में ग्राहक पहुंच रहे हैं। शाम होते ही यहां बाजार शबाब पर आ जाता है। क्योंकि यह बाजार सब्जी मार्केट के रूप में ही जाना जाता है, लिहाजा शाम को भीड़ कपड़ों, जूते, चप्पलों की दुकानों के अलावा जनरल स्टोर पर दिखाई दे रही है। छोटे बाजारों में भी ईद की खरीदारी जमकर चल रही है। चूड़ियों की दुकानों पर मुस्लिम महिलाओं की खासी भीड़ देखी जा रही है। लेडीज टेलर की दुकानों पर भी महिलाएं बड़ी तादाद में नजर आ रही हैं।
नये शहर के बाजार भी ग्राहकों से पटे
नये शहर के बाजार भी ईद का खरीदारी करने वालों से पटे पड़े हैं। न्यू मार्केट, दस नंबर, जवाहर चौक, माता मंदिर सहित अन्य बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। नामी कंपनियों के शोरूम पर खासे ग्राहक देखे जा रहे हैं। ईद की खरीदारी करने वाले धनाढ्य लोगों को यह बाजार खासे भा रहे हैं। नये शहर में खरीदारी करने वाले लोगों में अफसर, बिजनेसमैन की तादाद सबसे अधिक है। यह बाजार महंगे होने की वजह से यहां धनाढ्य लोग ही पहुंचते हैं।
कई स्थानों पर सेल
ईद के मौके पर राजधानी में नये और पुराने शहर में कई स्थानों पर सेल लगाई गई हैं, जिसमें भारी छूट के बैनर पोस्टर लगाए गये हैं। बड़ी कंपनियों ने भी शोरूम पर सेल लगाई है, जिसमें डिस्काउंट दिया जा रहा है। हमीदिया रोड, सुल्तानिया रोड सहित कई मेन मार्केट में नामी कंपनियों के ब्रांडेड सामान बिक रहे हैं, जिस पर विशेष छूट दी जा रही है। मध्य वर्ग के लिए पुराने शहर के बाजार ही ग्राहकों को लुभा रहे हैं। नामी कंपनियों के डिफेक्टेड कपड़ों की सेल भी जगह-जगह लगी हुई है।
बाजारों में रातभर रौनक
ईद की खरीदारी के लिए शहर में मुख्य बाजारों सहित अन्य बाजारों में ग्राहकी जमकर हो रही है। रातभर बाजार खुले हुए हैं। ग्राहकों की भीड़ से रौनक अफरोज बाजारों में दिन में भी ऐसे ही हालात हैं। यहां दुकानदारों को खाने-पीने तक की फुरसत नहीं है। टेलरों ने सिलाई लेना बंद कर दी है। ईद के कपड़ों से टेलरों की दुकानें पटी पड़ी हैं।