भोपाल। ब्रिटिश उच्चयुक्त सर जेम्स डेबिड बेबन ने सोमवार को राजधानी की उड़िया बस्ती का निरीक्षण कर वहां किए जा रहे अधोसंचना विकास कार्यो का अवलोकन किया।इस दौरान श्री बेबन ने बस्ती के रहवासियों से चर्चा की और यहां पर किए जा रहे कार्यो पर संतोष व्यक्त करते हुए सराहना की। बस्ती में ब्रिटिश सरकार द्वारा अनुदानित और राज्य सरकार द्वारा संचालित गरीबोन्मुखी शहरी सेवा कार्यक्रम एमपीयूएसपी परियोजना उत्थान के तहत विकास कार्य कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान यहां के रहवासियों ने बताया कि इस बस्ती में पहले सड़क,
पानी, सीवेज की सुविधा नहीं थी, लेकिन परियोजना के तहत यहां पर विभिन्न प्रकार के कार्य कराए जा रहे हैं जिससे उनके रहन सहन में भी परिवर्तन आया है। इस मौके पर बस्ती के बच्चों ने साफ-सफाई आदि पर आधारित नाटिका भी प्रस्तुत की।गौरतलब है कि परियोजना के तहत बस्ती में 58 लाख रुपए की लागत से सड़के, पेयजल, सीवेज लाईन, नाली, विद्युत व्यवस्था आदि के कार्य कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के अवसर पर नगरीय प्रशासन विभाग के आयुक्त संयज शुक्ल,नगर निगम आयुक्त रजनीश श्रीवास्तव सहित निगम के अनेक अधिकारी,कर्मचारी मौजूद थे। |